NH 52 पर टोल प्लाजा शुरू करने पर बवाल, ग्रामीणों के विरोध पर बंद करनी पड़ी वसूली

रांची: रांची के मांडर-डालटेनगंज एनएच 75 फोरलेन में बने अस्थायी टोलप्लाजा को गुरुवार को अचानक शुरू कर दिया गया। यहां वाहनों से वसूली शुरू हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। आसपास के लोग टोल प्लाजा पर जुट गए। सुबह 9 बजे के आसपास टोल प्लाजा पर बवाल शुरू हो गया। सूचना मिलने पर विधायक बंधु तिर्की पहुंच गए और मांडर के ग्रामीणों के भारी विरोध के बाद टोल प्लाजा बंद कर दिया गया। इसके बाद सीओ शंकर कुमार विद्यार्थी के साथ ग्रामीणों व टोल प्लाजा के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसमें विधायक बंधु तिर्की भी मौजूद रहेंगे।

मांडर प्रखंड के एनएच-75 रांची-डालटनगंज मार्ग पर स्थित मुड़मा गांव के निकट बने टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली बुधवार से शुरू हो गई। बगैर सूचना वसूली शुरू होने से फोरलेन पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। विभाग ने इसके लिए उचित तैयारी भी नहीं कर रखी थी। रांची से पलामू, लातेहार, गढ़वा, लोहरदगा और गुमला जाने वाले यात्री परेशान हुए। जाम में मरीजों को ले जा रही एबुंलेंस भी फंसी रही।

विदित हो कि मांडर के मुड़मा गांव के निकट बना टोल टैक्स बिना मानक के ही चालू कर दिया गया है। यहां टोल टैक्स के लिए अतिरिक्त लेन होना चाहिए, ताकि इस पथ पर चलने वाले वाहन चालकों को परेशानी न उठानी पड़े। पर, बिना अतिरिक्त लेन बनाए ही टू लेन में ही टोल बना दिया गया है। इससे लंबा जाम लगना स्वाभाविक है। यदि किसी गंभीर बीमार व्यक्ति को लेकर एंबुलेंस से रांची ले जाना हो, तो उसके लिए यहां लगने वाला जाम घातक हो सकता है।