झारखंड में मची खलबली, मंत्री-विधायक समेत 154 कोरोना पॉजिटिव, CM हेमंत सोरेन समेत कई मंत्री-विधायकों पर खतरा बढ़ा, राज्य का आकड़ा पहुंचा 3015

झारखंड राज्य में कोरोना संक्रमण ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। जुलाई के पहले सात दिन में ही कोरोना के 479 मरीज मिल चुके हैं। 30 जून तक राज्य में कोरोना संक्रमण की दर 1.78 थी, एक सप्ताह में बढ़कर 2.63 हो गई है। राज्य में संक्रमण दर के बढ़ने से डबलिंग रेट में भी इजाफा हुआ है। 30 जून तक जहां डबलिंग रेट 39.33 दिन था, वहीं पांच जुलाई को गिरकर 30.99 तक पहुंच गया। यानी अब हर 31 दिन में मरीज दोगुने हो रहे हैं।

झारखंड में मंगलवार को एक बार फिर 154 कोरोना संक्र‍मितों की पहचान की गई है। जबकि, धनबाद में 2 कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। वहीं 36 कोरोना पॉजिटिव स्‍वस्‍थ होने के बाद कोविड अस्‍पताल से डिस्‍चार्ज किए गए हैं।

ताजा आंकड़ों के साथ राज्‍य में कोरोना संक्रमितों की संख्‍या 3015 पर पहुंच गई है। ताजा मामलों में जमशेदपुर में 45, धनबाद में 31, रामगढ़ में 28, रांची में 20, कोडरमा में 7, हजारीबाग में 6, पाकुड़ में 5 और लोहरदगा में 3 कोरोना पाॅजिटिव शामिल हैं। देवघर, गढ़वा, लातेहार और सिमडेगा में आज एक-एक कोरोना मरीज की पहचान हुई है।

झारखंड में एक मंत्री कोरोना पॉजिटिव, CM हेमंत सोरेन समेत कई मंत्री-विधायकों पर खतरा बढ़ा

झारखंड में हेमंत सरकार के एक मंत्री कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जबकि एक विधायक भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। मंगलवार को राज्‍य में बड़ी संख्‍या में पत्रकार और मीडियाकर्मी भी कोरोना की चपेट में आए हैं। इधर, मंगलवार को मंत्री और विधायक के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन भी कोरोना संक्रमण के खतरे में बताए जा रहे हैं। राज्य सरकार के मंत्री रिम्स ट्रामा सेंटर पहुंचे। ट्रामा सेंटर को कोविड अस्पताल में तब्‍दील किया गया है। रिम्स के ट्रॉमा सेंटर के दूसरे तल्ले में किनारे के कमरे को मंत्री के लिए तैयार किया गया। थोड़ी देर में उनके पहुंचने की सूचना है। रिम्स कोविड और आइसोलेशन की सिस्टर इंचार्ज ड्यूटी खत्म कर घर लौट गई थी, उसे दुबारा ट्रॉमा सेंटर बुलाया गया।

झारखंड में मंगलवार को मिले 154 कोरोना संक्रमित

पूर्वी सिंहभूम : 45 धनबाद : 31 रांची : 20 रामगढ़ : 28 कोडरमा : 07 हजारीबाग : 06 पाकुड़ : 05 लोहरदगा : 03 पलामू : 02 देवघर : 01 गढ़वा : 01 लातेहार : 01 सिमडेगा : 01

झारखंड में 33 कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ हुए

गुमला : 13, गिरिडीह : 05, रामगढ़ : 04, चतरा : 03, देवघर : 03, कोडरमा : 03, सरायकेला : 02

धनबाद में दो मौत और 31 नये मामले

जिले में मंगलवार को कोरोना विस्फोट से पूरे कोयलांचल में हड़कंप मच गया है। पीएमसीएच द्वारा रात को जारी जांच रिपोर्ट में पूर्व मंत्री व जेएमएम के वरिष्ठ नेता विधायक मथुरा प्रसाद महतो, 24 मीडियाकर्मी, 3 पुलिसकर्मी यानी कुल 31 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। रात को पहले चरण में 18 मीडियाकर्मियों और देर रात को 6 और मीडिया कर्मियों को पॉजिटिव पाए जाने की सूचना दी गई। विधायक मथुरा प्रसाद महतो कोविड अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। अन्य सभी भी भर्ती कराए जा रहे हैं। वहीं शास्त्री नगर के एक पुरुष और कतरास की एक महिला क्रमशः रिम्स व बोकारो के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। जांच में दोनों कोरोना पॉजिटिव पाए गये। इस तरह अब धनबाद में अब कुल पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 230 तथा एक्टिव की संख्या 86 हो गई है। सूचना मिल रही है कि कोविड अस्पताल में भर्ती 20 मरीज आज स्वस्थ हो गए हैं। कल उनकी अस्पताल स छुट्टी की संभावना है। कोरोना को मात देने वालों की संख्या 149 हो जाएगी।

धनबाद: सबसे बड़ी चुनौती कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की

अब प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सामने सबसे बड़ी चिन्ता और चुनौती इन सभी धनबाद, रांची व बोकारो में कोरोना पॉजिटिव पाए गए 31 धनबादवासियों के परिवारों के सदस्यों तथा उनके सम्पर्क में आये तमाम लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग और गहन जांच की हो गई है। यदि यह कार्य त्वरित गति से और व्यापक रूप से नहीं किया गया तो संक्रमण फैलने का खतरा पैदा हो जाएगा। सूचना मिल रही है कि विधायक पिछले कुछ दिनों के दौरान कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लिया है। वही कई मीडियाकर्मी अपने दायित्व के निर्वहन के सिलसिले में अपने मीडिया हाउसों व अन्य जगहों पर जाते रहे हैं। मालूम हो कि इससे पहले दो संक्रमित मीडियाकर्मी कोविड अस्पताल में भर्ती कराए जा चुके हैं।

दो की मौत से मची खलबली, मौत का पहला मामला शास्त्री नगर का

धनबाद के शास्त्रीनगर निवासी 58 वर्षीय एक व्यक्ति की मंगलवार को रिम्स रांची में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। वह किडनी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर आदि बीमारियों से पीड़ित थे। उनके सैंपल की दो बार हुई जांच में दोनों बार पॉजिटिव आने के बाद उन्हें रिम्‍स के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। उसे भी रिम्‍स के कोविड वार्ड में भर्ती किया गया है। उसके दो बेटा और एक बेटी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।

शास्त्री नगर निवासी इस मृत व्यक्ति के बारे में पता चला है कि उनकी शक्ति मंदिर रोड में ऑप्टिकल की एक दुकान है। 5 जुलाई को झरिया के कोयरीबांध में आयोजित एक वैवाहिक वर्षगांठ समारोह में भी उन्होंने भाग लिया था। तबीयत खराब होने के कारण वे दो-तीन दिन जालान अस्पताल में भी भर्ती रहे थे। तबीयत अधिक बिगड़ने के चलते उन्हें रांची रेफर किया गया गया था। उनके कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से शास्त्रीनगर, शक्तिमंदिर रोड और झरिया में वैवाहिक समारोह में भाग लेने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

मौत का दूसरा मामला कतरास का

कतरास के रानीबाजार निवासी 80 वर्षीय एक महिला को बुखार के कारण 29 जून को चास के नीलम नर्सिंग होम के आइसीयू में भर्ती किया गया था। 3 जुलाई को उसका सैंपल निजी लैब में जांच के लिए भेजा गया। 4 जुलाई को वृद्ध महिला की मौत हो गई। 6 जुलाई को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। महिला का अंतिम संस्कार सामान्य ढंग से ही हो चुका था। अब अंतिम संस्कार में भाग लेने वाले भी संक्रमण के खतरे में हैं। उधर नीलम नर्सिंग होम को बन्द कर मरीजों को दूसरे स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।

चिकित्सकों और कर्मचारियों को क्वारंटाइन में भेजा जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ. एके पाठक ने बताया कि संक्रमण को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कतरास के रानी बाजार मोहल्ले स्थित मृत महिला के रिश्तेदारों की स्क्रीनिंग की जा रही है। उसके परिवार के करीब 60 लोगों को चिह्नित किया गया है। इन्हें बुधवार को जांच के लिए बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुलाया गया है।