सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि बॉलीवुड में दिख रही है माफियागिरी, न्यायिक जांच की वकालत की

गोड्डा: बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने खुदकुशी कर मौत को गले लगा लिया। लेकिन उनकी मौत अपने पीछे कई सवाल छोड़ गई। झारखंड के गोड्डा लोकसभा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सुशांत सिंह की मौत की न्यायिक जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर वो क्या हालात रहे होंगे जिसकी वजह से सुशांत सिंह को खुदकुशी करनी पड़ी। उनके परिवारवाले भी मान रहे हैं कि सुशांत खुदकुशी नहीं कर सकते। इसकी जांच होनी चाहिए।

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने कहा है सुशांत सिंह राजपूत की मौत की न्यायिक जांच होनी चाहिए। इंडस्ट्री में व्याप्त माफियागिरी व सिंडिकेट को खत्म करने के लिए पूर्वांचल के कलाकारों को संघर्ष का बिगूल फूंकना चाहिए। पूरी मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री हिंदी भाषा और हिंदी पट्टी के दर्शकों के कारण चलती है। अब समय आ गया है, इस माफियागिरी को फिल्म बायकॉट का नारा देकर बंद करने का।

सांसद दुबे से पूर्व बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रणौत ने भी एक वीडियो शेयर किया था। जिसमें उन्होंने खुलकर बॉलीवुड में हावी नेपोटीज्म पर गुस्सा निकाला था। कंगना ने अपने वीडियो में कहा सुशांत सिंह राजपूत की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। लेकिन कुछ जो इस मामले में माहिर हैं कि किस तरह पैनल नैरेटिव चलाना है वे बता रहे हैं कि कुछ लोगों का दिमाग कमजोर होता है। वो डिप्रेशन में आ जाते हैं और सुसाइड कर लेते हैं। वह इंजीनियरिंग के एंट्रेंस एग्जाम में रैंक होल्डर है। उसका दिमाग कमजोर कैसे हो सकता है। इधर भारत की महिला रेस्लर और बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाली बबीता फोगट ने भी कंगना का समर्थन किया है।

बबीता ने ट्वीटर पर लिखा, फिल्म इंडस्ट्री करण जौहर की बपौती है क्या। लोग इसको मुंहतोड़ जवाब क्यों नहीं देते। बबीता ने लिखा है कि कंगना रणौत बहन की बात काफी हद तक सही लगती है। जो लोग छोटे शहरों से आते हैं उनलोगों के साथ वहां इस तरह का भेदभाव होता है जो नहीं होना चाहिए। फिल्म इंडस्ट्री किसी की बपौती नहीं है। भाई भतीजावाद फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बड़ी बीमारी है। मैंने खुद इसको काफी नजदीक से देखा है।