रांची के मेदांता अस्पताल में कोरोना संक्रमित की मौत, 24 घंटे में मिले 136 संक्रमित, झारखंड में संक्रमितों की कुल संख्या 3,192

रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गयी है। मृतक देवघर का रहने वाला बताया जा रहा है। मेदांता अस्पताल में वह अपने हार्ट का इलाज कराने आया था। इसके साथ ही झारखंड में मृतकों का आंकड़ा 24 पहुंच गया है। इनमें रांची के आठ, हजारीबाग के तीन, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, धनबाद और गिरिडीह के दो-दो, जबकि गुमला, सिमडेगा, कोडरमा, खूंटी और साहेबगंज के एक-एक मरीज की मौत हो चुकी है। प्रशासन राज्य में रिटायर्ड डीडीसी और बंगाल के एक मजदूर की मौत को आंकड़े में शामिल नहीं किया है।
इधर, झारखंड में कोरोना के नए मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। एक दिन पूर्व मंत्री और विधायक सहित 179 लोगों के कोरोना से संक्रमित मिलने के बाद बुधवार को भी जहां राज्य में 66 मरीज ठीक होकर घर लौटे वहीं पिछले 24 घंटे में राज्य में 136 नए कोरोना के मरीज मिले हैं। नए मरीजों के मिलने के बाद राज्य में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर 3192 हो गई है।
वहीं राज्य में बढ़ते संक्रमण के चलते पिछले एक सप्ताह में रिकवरी रेट 10 प्रतिशत तक घट गया है। एक सप्ताह पहले रिकवरी रेट 79 प्रतिशत था जो अब घटकर 67.98 प्रतिशत हो गया है। हालांकि अब भी यह राष्ट्रीय औसत (60.86) से अधिक है।
उधर, हज़ारीबाग़ से कोरोना पॉजिटिव चोर अस्पताल से फरार हो गया है। दो दिन पूर्व कोर्रा थाना क्षेत्र से चोरी के आरोप में गिरफ्तार किये गये आरोपी को कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद उसे हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जो कि आज अस्पताल से उसके भागे जाने की सूचना है। इसी चोर की वजह से 2 थाने को सील व 70 पुलिसकर्मी सहित 100 लोगों को क्वॉरेंटाइन किया गया है।
जांच की गति हुई धीमी
राज्य में एक बार जांच की गति धीमी हो गयी है। सैंपल का बैकलॉग पांच हजार के पार हो गया है। राज्य में अब तक कुल एक लाख 69 हजार 840 सैंपल लिए गये हैं। इसमें से एक लाख 64 हजार 504 सैंपल की जांच हुई है। बैकलॉग में 5336 सैंपल लंबित है। धनबाद पीएमसीएच में ही एक हजार सैंपल लंबित है।
एक बार फिर संपूर्ण लॉकडाउन लग सकता है!
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राज्य में एक बार फिर संपूर्ण लॉकडाउन लग सकता है। बुधवार को दिनभर इस मुद्दे पर विभागों में चर्चा होती रही। सरकार के स्तर पर सभी जिलों के उपायुक्तों से इस संबंध में फीडबैक लिया जा रहा है कि वहां की वर्तमान हालात क्या है। फीडबैक में मिले तथ्यों की समीक्षा की जाएगी, उसके बाद ही संपूर्ण लॉकडाउन पर ठोस निर्णय लिया जाएगा।
वर्तमान में कुछ छूट व शर्तों के साथ लॉकडाउन जारी है। इसका असर यह है कि बाजार में अत्याधिक भीड़भाड़ है। अब स्थिति यह है कि मंत्री, विधायक व पुलिसकर्मियों से लेकर आम आदमी तक में तेजी से कोरोना का संक्रमण फैलता जा रहा है। बढ़ते संक्रमण ने सरकार की परेशानी बढ़ा दी है। स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होम क्वारंटाइन में हैं। विभागों में कोरोना वायरस का खौफ दिखने लगा है। हालांकि आपदा प्रबंधन प्रभाग की मानें तो इस संदर्भ में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है और ना ही कोई अनुशंसा की गई है।
विधानसभा में 33 फीसद उपस्थिति पर होगा काम
झारखंड विधानसभा में 33 फीसद कर्मियों की उपस्थिति में ही काम कराने का आदेश पदाधिकारियों को दिया गया है। साथ ही उन सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को सात दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया गया है जो किसी संक्रमित के संपर्क में आए हैं। उपसचिव द्वारा जारी आदेश में कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर सारी आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा गया है। कार्यालय परिसर में गुटखा, तंबाकू आदि का उपयोग प्रतिबंधित किया गया है।
कोरेंटिन में गये तीन आईएएस
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कोरेंटिन में जाने के बाद सीएम के प्रधान सचिव राजीव अरूण एक्का, पेयजल विभाग के सचिव प्रशांत कुमार और शिक्षा विभाग के सचिव राहुल शर्मा भी होम कोरेंटिन पर चले गये हैं।
भाजपा कार्यालय में आने-जाने पर लगी रोक
झारखंड में कोरोना वायरस के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय में सख्ती बढ़ा दी गयी है। बुधवार को पूरे भाजजा कार्यालय को सेनेटाइज किया गया है। प्रदेश कार्यालय में प्रवेश करने से पहले लोगों को पूरी तरह सेनेटाइज किया जा रहा है। कार्यालय के बाहर थर्मल स्कैनर और फेस रीडर लगाया गया है।
खुला रहेगा कांग्रेस भवन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वित्त एवं खाद्य आपू्र्ति मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि राज्य में बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए वो आम लोगों से मुलाकात नहीं करेंगे। पर महत्वपूर्ण फाइलों के निपटारे के लिए मंत्रालय जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भवन को बंद नहीं किया जायेगा, पर बैठकों पर रोक लगा दी गयी है।
सावधानी से ही कोरोना पर मिलेगी विजय: राज्यपाल
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सावधानी से ही कोरोना पर विजय प्राप्त की जा सकती है। सभी को सोशल डिस्टेंसिग के नियमों का पालन करना होगा। सभी मास्क का इस्तेमाल भी करना होगा।
आज से खुला ट्रेजरी ऑफिस, 15 दिनों तक वर्क फ्रॉम होम करेंगे कर्मचारी
ट्रेजरी ऑफिस गुरुवार से खुल गया। लेकिन सिर्फ ट्रेजरी अफसर व एक कर्मी ही प्रतिदिन ऑफिस आएंगे। बाकी कर्मियों को 15 दिनों तक वर्क फ्रॉम होम का आदेश दिया गया है। वहीं चार ऐसे कर्मी जो संक्रमित कर्मचारी के सीधे संपर्क में आए थे, उन्हें दो सप्ताह तक हो क्वारैंटाइन में रहने को कहा गया है। ऑफिस के एक कर्मचारी के पॉजिटिव पाए जाने के बाद मंगलवार और बुधवार को कार्यालय में ताला लटका रहा।
इधर, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने जानकारी दी है कि भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के सर्वाधिक 24,879 मामले सामने आए और 487 मौतें हुईं। देश में अब COVID-19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 7,67,296 है जिसमें 2,69,789 सक्रिय मामले, 4,76,378 ठीक / डिस्चार्ज / विस्थापित मामले, 21,129 मौतें शामिल हैं।