मन हो शांत तो ज़िंदगी आसान।

नीरज कुमार महंत

आजकल बदलाव के इस दौर में हम सब की ज़रूरत है मानसिक शांति। जैसा कि हम जानते हैं, आज का जीवन हम सब के लिए कितना तनावपूर्ण हो गया है। हमें हर दिन कोई न कोई बात परेशान करती है, चाहे वो किसी भी रूप में हो। जैसे कि करियर, संबंध, स्वास्थ्य इत्यादि। इन सब का सीधा असर हमारे स्वभाव पर पड़ता है और इसके परिणाम भी अनुकूल नहीं होते हैं।

हम कितने ‌भी तनाव में हों अक्सर अपनी व्यस्तता के कारण या तो इसे अनदेखा कर देते हैं या फ़िर समझ ही नहीं पाते।
हम इसका समाधान भी आसानी से निकाल सकते हैं। बस कुछ छोटी – छोटी बातों का ध्यान रखें जैसे कि:-

  1. अपनी नींद पूरी करें। पूरी नींद लेने से हमारे शरीर में ऊर्जा का संचार होता है और इससे अनिद्रा की स्थिति से भी छुटकारा मिलता है साथ ही चिड़चिड़े स्वभाव से भी निजात मिलता है। नींद पूरी होने पर पेट से जुड़ी समस्या भी कम हो जाती है।

2 . खान पान पर विशेष ध्यान दें। अपने आहार में रोजाना ऐसी चीज़ों का सेवन करें जो सुपाच्य हो और प्राकृतिक हो। ज़्यादा तली भुनी चीज़ें खाने से परहेज़ करें। खाने में ऐसे आहार को प्राथमिकता दें जिनमें शरीर के लिए ज़रूरी तत्त्व शामिल होते हों। ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थों का‌ सेवन करें।

3 . अपने व्यवहार में विनम्रता लाएं। विनम्रता लाने से हमारे जीवन में अनेक बदलाव होते हैं। आप हर परिस्थिति में अपने आप पर संयम रख सकेंगे और आनन फ़ानन में कोई भी ग़ैर ज़रूरी काम करने से ख़ुद को रोक सकेंगे।

  1. अच्छी किताबें या लेख पढ़ें। पढ़ने की आदत हमारे मस्तिष्क के लिए एक बहुत ही ज़रूरी व्यायाम है। इसके बारे में ज़रा सोचिए आपने पढ़ना और लिखना कैसे सीखा? इसका जवाब सिर्फ अभ्यास है। जब भी हम कुछ पढ़ने और लिखने का अभ्यास करते हैं‌। जटिल से जटिल मुश्किल का हल मिलने लगता है।

इन जैसी कुछ बातों को अपने जीवन में उपयोग में ला कर हम मन की शांति बनाए रख सकते हैं।
हमारी प्राथमिकता हमेशा उन चीज़ों की तरफ़ होती है जिन्हें हम करना चाहते हैं। लेकिन, हम ये भूल जाते हैं कि कोई भी काम शांति और धैर्य से करने पर ही सफलता मिलती है। किसी भी काम को सही ढंग से करने के लिए हमारा मन का शांत होना सबसे अधिक आवश्यक है।